श्रीदेवी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिलने पर परिवार ने जताई खुशी

मुंबई- 65वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों का ऐलान किया गया है, जिसमें स्वर्गीय अभिनेत्री श्रीदेवी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के सम्मान से नवाजा गया है। श्रीदेवी को यह पुरस्कार बीते साल रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘मॉम’ के लिए दिया गया है।

‘मॉम’ श्रीदेवी की 300वीं फिल्म थी, जिसमें उन्होंने एक ऐसी मां का किरदार निभाया था, जिसकी बेटी का बालात्कार हो जाता है। इसके बाद वो अपने तरीके से बालात्कारियों को सजा देती हैं। श्रीदेवी नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स के इतिहास में बेस्ट एक्ट्रेस कैटेगरी में मरणोपरांत अवॉर्ड पाने वाली पहली हीरोइन बन गई हैं।

श्रीदेवी को यह सम्मान दिए जाने पर उनके परिवार (जाह्नवी, खुशी और बोनी कपूर) ने खुशी व्यक्त की है। एक आधिकारिक बयान में कपूर फैमिली ने कहा, ज्यूरी द्वारा श्रीदेवी को फिल्म मॉम के लिए बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड देने पर हम उत्साहित हैं। ये पल हमारे लिए बेहद खास है। श्रीदेवी हमेशा अपने काम को पूरी निष्ठा के साथ करती थीं। श्रीदेवी न केवल एक शानदारा अदाकारा थीं बल्कि वो एक अच्छी मां और पत्नी भी थीं।

उन्होने आगे लिखा- यह मौका है कि हम उनके द्वारा किए गए अच्छे काम की खुशी मनायें और उनके द्वारा हासिल की गईं उपलब्धियों को सराहें। वो आज भले ही हमारे साथ नहीं हैं लेकिन उनकी विरासत हमेशा आगे बढ़ती रहेगी। हम भारतीय सरकार और सम्मानित ज्यूरी सदस्यों का शुक्रिया कहना चाहेंगे। हम पूरे परिवार की तरह से उन फैंस का भी शुक्रिया कहना चाहेंगे, जो लगातार बधाई भरे संदेश भेज रहे हैं।

आपको बता दें कि भारतीय सिनेमा की जानी-मानी अदाकारा श्रीदेवी की मृत्यु 54 साल की उम्र में 24 फरवरी 2018 के दिन हो गई थी। श्रीदेवी दुबई में अपने एक रिश्तेदार की शादी में शिरकत करने गई थीं, जहां दुर्घटनावश बाथटब में डूबने के कारण उनकी मृत्यु हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।