अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार को रौंदा, मौत

झांसी। बुंदेलखंड में अवैध खनन जोरों पर है। नई खनन नीति लागू करने वाली उत्तर प्रदेश सरकार अवैध खनन बंद होने का दावा कर रही है, मगर प्रत्येक घाट पर पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की मिलीभगत से अवैध खनन करते ट्रक, डंपर व ट्रैक्टर आदि देखे जा सकते हैं। अवैध खनन के चलते कई लोगों की अभी तक जान जा चुकी है। आज रात भी एक हादसा हुआ। जिसमें एक बाइक सवार को अवैध खनन कर बालू ले जा रहे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने रास्ता जाम लगा दिया। सूचना पाकर कई थानों की पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक जाम लगा हुआ था।
जनपद के कटेरा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम नराईका प्रकाश अहिरवार 40 बीते रोज बाइक से अपनी बहन के यहां धवारी गया था। वहां से वापस आते समय रास्ते में रात को ग्राम कगर के पास बालू लेकर जा रहे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। इससे मौके पर ही प्रकाश की मौत हो गई। रास्ता सुनसान होने के कारण रात भर उसका रक्तरंजित शव घटना स्थल पर ही पड़ा रहा। सुबह ग्रामीण शौच को गए तो उन्होंने प्रकाश का शव पड़ा देखा। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने रास्ते पर जाम लगा दिया। इससे वाहनों का आवागमन ठप हो गया। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस व अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जाम लगाए ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। कटेरा थानाध्यक्ष का कहना है कि किसी अज्ञात वाहन ने प्रकाश को कुचला है। मामले की जांच की जा रही है।

-उदय नारायण ,झांसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।