आंगनवाड़ी वर्कर्स व हेल्पर्स की तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल 20 से

रोहतक/हरियाणा- हरियाणा की आंगनवाड़ी वर्कर्स व हेल्पर्स 20 से 23 फरवरी को राज्यव्यापी हड़ताल पर जाएंगी। सभी आनगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। यदि सरकार 23 फरवरी तक भी मांगों का समाधान नहीं करती है तो इस हड़ताल को आगे बढ़ाया जा सकता है।
उक्त फ़ैसला आंगनवाड़ी वर्कर्स एन्ड हैल्पर्स यूनियन हरियाणा रजि. 1442 की प्रभात भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यकर्ता कन्वेंशन में लिया गया। कन्वेंशन की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्री शर्मा ने की व प्रस्ताव महासचिव शकुंतला ने रखा। कन्वेंशन को सीटू प्रदेश महासचिव जय भगवान अध्यक्ष सतवीर सिंह व उपाध्यक्ष बलबीर दहिया ने भी संबोधित किया।
संगठन नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार हठधर्मिता पर उतरी हुई है। प्रदेश की 51000 वर्कर्स व हैल्पर्स कोई नई मांग नहीं कर रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री व उनकी सरकार ने पिछले साल जो विधानसभा में घोषणा की थी, केवल वे घोषणा लागू करवाने की मांग वर्कर्स व हेल्पर्स कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने 11 सितंबर को वर्कर्स के मानदेय में 1500 व हैल्पर्स के लिए 750 की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। इसे लागू करवाने के लिए आंदोलन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यूनियन के नेतृत्व में 8 फ़रवरी से धरने जारी हैं सरकार माँगो का निपटारा नहीं कर रही है। कल 18 फरवरी को प्रदेश भर की हजारों आंगनवाड़ी वर्कर्स व हैल्पर्स सामूहिक अवकाश पर रहीं। इसके बावजूद भी राज्य सरकार समस्याओं का समाधान नहीं कर रही है। राज्य सरकार ने हमें हड़ताल पर जाने को मजबूर किया है।
20 से 23 फरवरी तक कोई आंगनवाड़ी केंद्र नहीं खुलेगा। वर्कर्स व हैल्पर्स हड़ताल पर रहेंगी व जिला मुख्यालय पर प्रदर्शनों में शामिल होंगी। 23 फरवरी तक यदि सरकार मांगों का निपटारा नहीं करती है तो 24 फ़रवरी रविवार को रोहतक में राज्य स्तरीय कार्यकर्त्ता कन्वेंशन में इस हड़ताल को आगे भी जारी रखने का फैसला किया जा सकता है।
कन्वेंशन को राज्य नेता मधु शर्मा, मोहनी, बबीता, कृष्णा जांगड़ा, सुदेश, सरला, कृष्णा, रीना, रेखा आदि ने भी संबोधित किया।

– रोहतक से हर्षित सैनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।