भतीजे की बारात से लौट रहे अधेड़ की लाठी डंडे से हमला कर हत्या

आजमगढ़- तरवां थाना क्षेत्र के पित्थौरपुर गांव में शुक्रवार की भोर में भतीजे की बारात से वापस घर लौट रहे एक अधेड़ की लाठी डंडा से हमला कर हत्या कर दी गयी। वहीं हमले में नौ लोग घायल हो गए थे। इस गैर इरादतन हत्या के पांच आरोपितों को तरवां थाने की पुलिस ने रविवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों के पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर लिया। पित्थौरपुर गांव निवासी राम दरश राम के पुत्र की छह जून को शादी थी। गांव के ही दीपक राम का बारात में बाजा बजाने के लिए उन्होंने डीजे किया था। बारात जाने से पूर्व परछन के दौरान डीजे पर नाचने व गाना बजाने की बात को लेकर डीजे मालिक के साथ परिवार के ही कुछ युवकों से विवाद हो गया। लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला किसी तरह से शांत हो गया। परछन के बाद बारात तरवां क्षेत्र के वीरनइया गांव में रात को पहुंची। शुक्रवार की भोर में लगभग ढाई बजे रामदरश का छोटा भाई 50 वर्षीय देवचरण राम पुत्र दुखी राम चंद्रभान के साथ भतीजा की शादी से वापस बाइक पर सवार होकर घर आने के लिए चले। वे गांव के समीप पहुंचे थे। परिजन का आरोप है कि इस बीच डीजे संचालक अपने कुछ साथियों के साथ पीछा करते हुए आ गया। उसने गांव के सिवान में लाठी डंडा से हमला कर दिया। इस हमले में देवचरण गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी शनिवार की रात को मौत हो गयी। जबकि इस हमले में मृत पक्ष के नौ लोग भी घायल हो गए थे। इस मामले में मृत अधेड़ के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश में लगी हुई थी। रविवार की सुबह तरवां थाना के सब इंस्पेक्टर नवल किशोर सिंह ने इस गैर इरादतन हत्या के पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर लिया। पकड़े गए आरोपितों में गुलशन कुमार पुत्र राजेंद्र राम, दीपक कुमार पुत्र राजेंद्र राम, सूरज कुमार पुत्र अरविद राम, अजय कुमार पुत्र सुरेश राम, लक्ष्मण पुत्र महेश सभी पित्थौरपुर उर्फ तिथऊपुर गांव के निवासी बताए गए हैं।

रिपोर्ट:-राकेश वर्मा आजमगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।