तीन-तीन सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं आप-कांग्रेस: संभवतः आज गठबंधन पर हो सकता है एलान

नई दिल्ली।लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए इन दिनों विपक्षी पार्टियां एकजुट हो रही हैं। दिल्ली में इसे लेकर पिछले कई दिनों से सुगबुगाहट चल रही है। आम आदमी पार्टी तो कई मौकों पर कह चुकी हैं कि वह मोदी को हराने और भाजपा को हटाने के लिए सबकुछ भूलकर दिल्ली में कांग्रेस से गठबंधन को तैयार है।
हालांकि कांग्रेस ने इसे लेकर कभी अपना पक्ष बहुत स्पष्ट तरीके से नहीं रखा है। इस बीच आम आदमी पार्टी ने दिल्ली से अपने 6 उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी कर दी। लेकिन माना जा रहा है कि आज दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की होने वाली बैठक में आप-कांग्रेस गठबंधन पर मुहर लग सकती है।
मालूम हो कि आज राहुल गांधी दिल्ली कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक करेंगे और इसी में फैसला होगा कि कांग्रेस गठबंधन करेगी या नहीं। वैसे सूत्र बता रहे हैं कि इस बैठक में दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन पर बात तय हो सकती है और दोनों 3-3 सीटों पर चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं एक सीट अन्य के लिए छोड़ दी जाएगी। बता दें कि दिल्ली में लोकसभा की 7 सीटें हैं। पिछले चुनाव में भाजपा ने दिल्ली की सातों सीटों पर कब्जा जमाया था।
आम आदमी पार्टी ने अपनी सत्ता कांग्रेस विरोध से हासिल की थी और आज वही पार्टी कांग्रेस से गठबंधन के लिए लालायित है जो खुद पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल कई मौकों पर कह चुके हैं। एक बार तो केजरीवाल ने ये तक कह दिया था कि कांग्रेस को कह-कहकर थक गए गठबंधन के लिए लेकिन कांग्रेस ने बातचीत नहीं की। माना जा रहा है कि आज की बैठक में ये बातें तय हो सकती हैं।
वहीं आम आदमी पार्टी आज दोपहर 12.30 बजे प्रेस कांफ्रेंस करने वाली थी जिसे रद्द कर दिया गया है। माना जा रहा है कि आप भी कांग्रेस की आज होने वाली बैठक में क्या फैसला लिया जाता है इसका इंतजार कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि आप चाहती है कि कांग्रेस अपना फैसला ले और फिर वह अपनी आगे की रणनीति बनाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।