पैसे के दम पर टिकट हासिल करने वाला गरीबो का भला नहीं कर सकता: इमरान मसूद

सहारनपुर- कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक इमरान मसूद ने कहा कि सभी कार्यकर्ता लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जीजान से जुट जाएं क्योंकि आने वाला समय कांग्रेस का है तथा कांग्रेस ही लोकसभा चुनाव में विजय हासिल कर केंद्र में अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पैसे के दम पर टिकट हासिल करने वाला व्यक्ति कभी गरीब लोगों का भला नहीं कर सकता।

पूर्व विधायक इमरान मसूद आज अपने आवास पर आयोजित कांग्रेस के सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यर्कआओं की बदौलत उनकी ताकत है जिसके दम पर उन्होंने सदैव जुल्म व ज्यादती के खिलाफ संघर्ष करने का काम किया है। श्री मसूद ने कहा कि भाजपा की योगी सरकार में कांग्रेस के अलावा किसी की बोलने की हिम्मत नहीं है। कांग्रेस ने सदैव शोषण व उत्पीडऩ के खिलाफ आवाज उठाई है जिसकी वजह से प्रदेश सरकार सहारनपुर में फर्जी एनकाउंटर करने का साहस नहीं जुटा सकी।

उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में सहारपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस को 4 लाख 29 हजार वोट मिले थे। जबकि बसपा को मात्र 3 लाख 8 हजार वोट मिले थे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के दम पर कांग्रेस आगामी लोकसभा सीट पर रिकार्ड मतों से विजय हासिल करेगी।

कांग्रेस के सहारनपुर लोकसभा सीट के प्रभारी राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि देश की निगाहें अमेठी व रायबरेली सीट के बाद सहारनपुर लोकसभा सीट पर ही टिकी हुई है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर की कमियों को दूर कर जब एजेंट मजबूती के साथ चुनाव लड़ाने का काम करेगा तब हमारी जीत होगी।

उन्होंने नरेंद्र मोदी व आदित्यनाथ योगी को मौसेरे भाई बताते हुए कहा कि उन्होंने जनता के विश्वास के साथ उनके पैसे को भी लूटा है। उन्होंने शिगूफों से सावधान रहकर हिंदू मुस्लिम एकता को मजबूत बनाकर कांग्रेस को जिताने की अपील की।

विधायक नरेश सैनी व विधायक मसूद अख्तर ने कहा कि पूर्व विधायक इमरान मसूद सर्वसमाज के नेता हैं जो हर वर्ग के सुख-दु:ख में शरीक होने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद समाज सेवा है, परन्तु कुछ लोगों का कारोबार राजनीति है जिन्होंने पोटली वाला कंडीडेट चुनाव मैदान में उतारा है। विधायक मसूद ने कहा कि केंद्र सरकार पाकिस्तान के खिलाफ जंग का ऐलान करे हिन्दुस्तान का मुसलमान अपना खून बहा देंगे तथा देश पर आंच नहीं आने देगा।

गंगोह नगर पालिका के चेयरमैन नोमान मसूद ने कहा कि भाजपा सांसद सांसद राघव लखनपाल शर्मा लोकसभा क्षेत्र का भौगोलिक ढांचा नहीं जानते हैं तथा पांच साल में कोई विकास नहीं करा पाए। उन्होंने सपा-बसपा के गठबंधन को बरसाती मेंढक बताते हुए कहा कि यह गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमित शाह के इशारे पर किया गया है। उन्होंने कहा कि केवल इमरान मसूद की टीम ही गरीबों की लड़ाई लडऩे का काम कर रही है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि वालिया व कार्यवाहक जिलाध्यक्ष जावेद साबरी ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान को समाप्त करने की साजिश रच रही है। जबकि कांग्रेस ने ही डा. अम्बेडकर के नेतृत्व में भारत का संविधान बनाकर सभी को समान अधिकार देने का काम किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रियंका गांधी व ज्योतिरादित्य सिंधिया की अगुवाई में सफलता हासिल करेगी।

कार्यकर्ता सम्मेलन को पूर्व जिलाध्यक्ष पंचायत चेयरमैन नवीन चौधरी, हमजा मसूद, नगर पंचायत चेयरमैन विवेक कांत सिह, पूर्व राजदूत सतेंद्र कुमार, संदीप वर्मा, चौ. भीमसिंह, डा. मेघराज सैनी, महानगर अध्यक्ष हाजी बहार अहमद, सुशील चौधरी अम्बोली, बोबी कर्णवाल, चौधरी राजसिंह, अरविंद पालीवाल, अशोक सैनी, मेवाराम नागल, चौ. रणधीर संह, शीला चक्रवर्ती, चानू प्रधान, ओमपाल डोंकोवाली, राव फजलुर्रहमान, फराज मसूद, कासिफ अली, चांद कुरैशी ने भी सम्बोधित किया।

सम्मेलन की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शशी वालिया व संचालन बिलाल सहारनपुरी ने किया। इस दौरान आबिद हसन, बाबर सिद्दीकी, जावेद अंसारी, मा. जफर, चौ. इरशाद, फैजान एडवोकेट, इमरान भूरा, नसीम भारती, अरूण छोकर, रेखा धीमान, चौ. हासिम आदि हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

– सुनील चौधरी सहारनपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

किसी भी समाचार से संपादक का सहमत होना आवश्यक नहीं है।समाचार का पूर्ण उत्तरदायित्व लेखक का ही होगा। विवाद की स्थिति में न्याय क्षेत्र बरेली होगा।